
उदित वाणी कांड्रा: कांड्रा थाना अंतर्गत मेन रोड स्थित हरिश्चंद्र विद्यामंदिर के शिक्षक डोमन साहू के घर की बाउंड्री में रखी बाइक को बीते सोमवार की रात्रि चोरों ने टपा दिया. शिक्षक के पुत्र जयदेव साव के अनुसार रात्रि 10:30 बजे अपने बाउंड्रीवॉल का दरवाजा बंद कर परिवार के लोग सोने चले गए जब सुबह उठ घर से बाहर निकले तो देखा की मोटरसाइकिल गायब है. जिसकी सूचना उन्होंने कांड्रा पुलिस को दी. वही दूसरी घटना रामशंकर शर्मा के घर के दो दरवाजा के कुंदा को उखाड़ कर दोनों घर से अलमारी समेत पूरे घर को खंगाल कर लाखों रुपए के गहने के साथ 50 हजार नगद की चोरी कर ली. बताते चलें कि रामशंकर शर्मा एक सप्ताह पहले अपने गांव शादी समारोह में शामिल होने छपरा गए हुए हैं. चोरी की सूचना उन्हें उसके पड़ोस में रहने वाले भाई ने दी. तीसरी घटना ड्यूटी गए चेतन महतो के घर का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया पर चोरों को वहां छोटे-मोटे सामान हाथ लगा. मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी द्वारा मामले की जानकारी ली गई और पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है. बता दें कि इन दिनों क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है.धनतेरस के दिन कांड्रा मुख्य बाजार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स और बीते पखवाड़े कांड्रा कॉलोनी के मकान संख्या बी-25 में हुई चोरी की वारदात के मामले अभी तक अनसुलझे हुए हैं.चोरों के गिरेबान तक पुलिस पहुंच नहीं पाई थी कि इसी बीच शिक्षक के घर से बाइक की चोरी ने एक बार फिर बता दिया है कि किस कदर चोरों के हौसले बुलंद है.

