
उदित वाणी, गुवाहाटी: गुवाहाटी शुक्रवार को एक बेमेल मुकाबले का गवाह बनेगा, जब जीत से महरूम व एक अंक पाने के लिए तरस रहे नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी का सामना अपने घरेलू मैदान इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में अपराजित चल रहे मुम्बई सिटी एफसी से होगा.
दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों के बीच हालिया परिणाम हाईलैंडर्स को राहत पहुंचाने वाले रहे हैं, क्योंकि पिछले चार मैच ड्रा रहे हैं. मुम्बई सिटी एफसी, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ अपने पिछले चार मैचों में जीत से दूरी के सिलसिले को समाप्त करने के लिए आगामी मुकाबले में उतरेगी और जीत से शीर्ष स्थान हासिल करेगी.
लम्बा विश्राम नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को अपनी रणनीति पर फिर से विचार करने और फिर से संभलने में मददगार साबित हो सकता है. हेड कोच मार्को बलबुल के हाईलैंडर्स ने सोचा कि उन्होंने एटीके मोहन बागान एफसी के खिलाफ सॉल्ट लेक स्टेडियम में सीजन का पहला अंक हासिल कर लिया है, लेकिन अंत में वो उनसे छिन गया. यह हाईलैंडर्स का हीरो आईएसएल के इतिहास में सबसे खराब प्रदर्शन है.
एक और हार नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को दिल्ली डायनेमोज का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ने पर मजबूर कर देगी. पूर्व हीरो आईएसएल टीम दिल्ली डायनेमोज के नाम सबसे ज्यादा लगातार छह हार का रिकॉर्ड है, जो उसने 2017-18 सीजन में बनाया था. हाईलैंडर्स के लिए इससे बचना एक कठिन चुनौती होगा क्योंकि मुम्बई सिटी एफसी अपने पिछले दो मैचों में दस गोल करने के बाद जबर्दस्त फॉर्म में है. नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने इस हफ्ते की शुरुआत में कोलम्बियाई स्ट्राइकर विल्मर जॉर्डन से करार किया है, जो इस मुकाबले के लिए टीम में होंगे, लेकिन उनके खेलने की संभावना नहीं है क्योंकि कोच बलबुल ने कहा कि उनकी टीम धैर्य रखेगी क्योंकि जॉर्डन अपनी फिटनेस पर काम करेंगे. (Club Statistics)
कोच बलबुल ने कहा, “मुम्बई लीग की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और अब अपने सर्वश्रेष्ठ आकार में है. उन्होंने पिछले दो मैचों में दस गोल किए हैं। उन्हें रोकने के लिए हमें बहुत संगठित और डिफेंस में सुदृढ़ होने की जरूरत है.”
पिछले हफ्ते हैदराबाद एफसी के अपराजित रहने का सिलसिला टूटने के बाद मुम्बई सिटी एफसी की निगाहें शीर्ष स्थान पर हैं. आइलैंडर्स अब मौजूदा चैम्पियनों से सिर्फ एक अंक पीछे हैं और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी पर जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर जा सकते हैं. (Club Statistics)
उम्मीद है कि मुख्य कोच डेस बकिंघम अपने शुरुआती एकादश में बहुत अधिक छेड़छाड़ नहीं करेंगे. नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की खराब शुरुआत पर बकिंघम ने कहा कि उनकी टीम आंकड़ों को नहीं देख रही है और अपने विरोधियों को कमतर नहीं आंक रही है.
कोच बकिंघम ने अपने विरोधियों के बारे में बात करते हुए कहा, “हमने नॉर्थईस्ट के सभी मैच देखे हैं, खासकर हालिया मुकाबले. उन्होंने अभी तक एक अंक दर्ज नहीं किया है, लेकिन उन्होंने जो प्रदर्शन किया है, उसने स्कोरलाइन को टाइट रखा है.” उन्होंने कहा, “हम अपराजित रहने के बारे में नहीं सोचते हैं. हम हर मैच में बेहतर करने की कोशिश करते हैं. हम इस मुकाबले पर पूरा ध्यान देंगे और इसका ठीक उसी तरह सम्मान करेंगे, जैसे हमने अब तक सभी टीमों का किया है, क्योंकि अगर हम ऐसा नहीं करते हैं, तो यह हमारे लिए बहुत मुश्किल शाम हो सकती है.”
दोनों टीमें हीरो आईएसएल में 16 बार भिड़ चुकी हैं. मुम्बई सिटी एफसी ने सात बार जीत हासिल की है, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने पांच मौकों पर जीत हासिल की है. दोनों के बीच पिछले चार मैच ड्रा पर समाप्त हुए हैं, जिसमें से दो पिछले सीजन में आए थे. (League Standings)

