
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य सरकार के तीन बर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार से आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे. जिसमें पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर जरुरतमंदों को लाभान्वित किया जायेगा.
मुख्यमंत्री ने टवीट करके लोगों से अपील किया कि 1 नवंबर से 14 नवंबर तक कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू हो रहा है. पहले चरण में करीब 21 लाख आवेदन आए. जिसमें से लाखों आवेदनों को निष्पादित किया गया तथा अन्य प्रक्रियाधाीन है.अपने क्षेत्र में शिविर में शामिल होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ अवश्य लें.
इधर बताया गया कि शिविरों में राज्य सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं का आम जनों के बीच व्यापक प्रचार प्रसार कर शिविर में ही योजनाओं का अधिकाधिक लाभ आमजनों को दिया जायेगा। ताकि कोई भी अहर्त्ता प्राप्त व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे. शिविरों में राज्य सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जायेगी.
राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत 5 लाख नये ग्रीन राशन कार्ड, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन समेत अन्य योजनाओं का लाभ सुयोग्य लाभुकों से आवेदन प्राप्त करके जाँचोपरान्त दिया जायेगा.
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना अन्तर्गत आवेदन प्राप्त करना, मनरेगा अन्तर्गत प्रत्येक गांव में न्यूनतम 575 योजनाओं की स्वीकृति प्रदान करने का कार्य किया जायेगा.
15वें वित्त आयोग के वार्षिक लक्ष्य के विरूद्ध शत प्रतिशत योजनाओं को स्वीकृत करते हुए उन्हें प्रारंभ किया जायेगा. धोती, साड़ी, लुंगी और कंबल का वितरण किया जायेगा. इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2022-23 तक भू-राजस्व के अद्यतन रसीद निर्गत तथा अन्य भू7राजस्व से संबंधित मामलों का निष्पादित किया जायेगा.
असंगठित मजदूरों का ई श्रम तथा प्रवासी मजदूरों-परिवारों का श्रमाधान पोर्टल पर निबंधन, पीडीएस के तहत राशन कार्ड को आधार से लिंक, धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों का निबंधन, हड़िया-शराब के व्यापार में संलग्न महिलाओं को वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने, सेवा के अधिकार के तहत प्रमाण पत्रों के आवेदनों का निष्पादन, बिजली तथा पेयजल से संबंधित समस्याओं का निपटारा इत्यादि सुनिश्चित किया जायेगा.


