
उदित वाणी, रांची: पहली नवम्बर से 29 दिसंबर तक राज्य में मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल [बालक व बालिका वर्ग] प्रतियोगिता आयोजित किया जायेगा. जिसके लिए खेल निदेशालय द्वारा परिपत्र जारी कर दिया गया है.
मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए कुल 17.82 करोड़ रूपये का बजट बनाया गया है. प्रखंड स्तर पर भाग लेनेवाले सभी खिलाड़ियों को निदेशालय की ओर से सभी टीम को जर्सी सेट, बूट, मोजा, शिन गार्ड व गोलकीपिंग ग्लव्स अनिवार्य रूप से दिया जायेगा. जबकि पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रतियोगिता आयोजित करने में 3.58 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है.
वहीं निदेशालय द्वारा टी शर्ट, जर्सी सेट, शिन गार्ड, मोजा और गोलकीपिंग ग्लव्स की खरीदारी को लेकर 14.25 करोड़ रुपए का बजट बनाया गया है तथा कहा गया है कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ने पर बजट राशि में बढ़ोत्तरी होगी.
निदेशालय द्वारा प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए जरूरी खेल सामग्री, ट्रॉफी व नकद पुरस्कार के रूप में भी लाखों रुपए खर्च किये जायेंगे. निदेशालय द्वारा शनिवार शाम को ईमेल के जरिये प्रतियोगिता का शेड्यूल सभी जिलों को भेज दिया गया है.
विजेता टीम को 3 लाख व उपविजेता को मिलेंगे 2 लाख रूप्ये नगद पुरस्कार
पंचायत, प्रखंड, जिला, जोनल व राज्य स्तर पर आयोजित किये जानेवाले इस प्रतियोगिता के विजेता टीम को 3 लाख रुपए तथा उपविजेता को 2 लाख रुपए का नगद ईनाम दिया जायेगा.
इसके साथ ही दोनों सेमी फाइनल में खेलनेवाली टीम को 50-50 हजार रुपए तथा चारों जोन के विजेता को भी 50-50 हजार रुपए व उपविजेता को 25-25 हजार रुपए पुरस्कार राशि दिये जायेंगे.
प्रतियोगिता का शेड्यूल
पंचायत स्तर पर- 1 से 20 नवंबर तक
प्रखंड स्तर पर- 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक
जिला स्तर पर- 9 से 13 दिसंबर तक
जोनल स्तर पर- 17 से 21 दिसंबर तक
राज्य स्तर पर-26 से 29 दिसंबर तक

