
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 25 प्रस्तावों पर मंजूरी दी गई. बैठक के बाद इसकी जानकारी देते हुए कैबिनेट की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बताया कि मंत्रिपरिषद द्वारा झारखण्ड इथेनॉल प्रोडक्शन प्रोमोशन नीति 2022 की स्वीकृति दी गई.
लद्याख स्थित गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ झड़प में 16 जून 2020 को शहीद गणेश हांसदा के आश्रित माता श्रीमती कापरा हांसदा की अधिकतम उम्र सीमा एवं न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता की बाध्यता को बिशेष परिस्थिति में क्षांत करते हुए अनुकम्पा के आधार पर चतुर्थ वर्गीय पद पर नियुक्ति की घटनोत्तर स्वीकृति दी गई.
सरायकेला-खरसवां जिलान्तर्गत खरसवां अंचल के मौजा रेंगोगोड़ा में 71 डिसमिल अनाबाद भूमि पन्द्रह लाख उनसठ हजार एक सौ साठ रूपये एवं मौजा हांसदा में 47 डिसमिल अनाबाद भूमि कुल आठ लाख सात हजार एक सौ संतावन रूपये की अदायगी पर नवीकरण विकल्प के साथ औद्योगिक प्रयोजनार्थ मेसर्स श्री सीमेन्ट लिमिटेड के साथ 30 वर्षों के लिए सशुल्क लीज बंदोबस्ती की स्वीकृति दी गई.
रांची जिलान्तर्गत कांके अंचल के मौजा कदमा स्थित रिनपास के नाम अर्जित 5.50 एकड़ गैरमजरूआ खास परती कदीम भूमि कुल देय राशि बारह करोड़ बिरासी लाख निन्यानवे हजार चार सौ बीस रूपये की अदायगी पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण कराने के लिए सीसीएल को 30 वर्षों के लिए नवीकरण विकल्प के साथ लीज बंदोबस्ती करने की स्वीकृति दी गई.

