
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर कैंपस का स्वरूप जल्द ही बदला जाएगा. कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिया है.
निर्देश दिया कि बाउंड्री वॉल, मेन गेट, नये नेम बोर्ड, इन्डोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, स्पोट्र्स अवसंरचना के निर्माण सहित पूरे परिसर को विकसित किया जाना है, इसके लिए उन्होंने यथाशीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है.
उन्होंने इस दौरान खेल और एकेडमिक गतिविधियों का कैलेंडर भी तैयार करने का निर्देश दिया. गुरुवार को इसे लेकर बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने की.
बताते चलें कि इन दिनों विमेंस यूनिवर्सिटी में यूजी की दाखिला प्रक्रिया चल रही है. जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन के लिए खोला गया चांसलर पोर्टल 31 अगस्त की देर रात को बंद हो गया.
विश्वविद्यालय में 12 अगस्त को जारी प्रथम मेधा सूची से दाखिला के बाद बाकी बची सीटों पर एडमिशन लेने के लिए यह पोर्टल खोला गया है. अबतक विश्वविद्यालय में यूजी के नए सत्र 2022-26 के लिए नेचुरल साइंस, सोशल साइंस, ह्युमैनिटीज व कॉमर्स में कुल 1123 छात्रों ने दाखिला लिया है.
इनमें अकेले कॉमर्स में 350 छात्राओं ने दाखिला लिया है. 31 अगस्त तक चांसलर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जमा लिए जाने के बाद सात सितंबर को फिर से मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. इसमें बॉटनी, केमिस्ट्री, मैथ, फिजिक्स, साइकोलॉजी, होम साइंस, उर्दू, संस्कृत, फिलासफी, म्यूजिक, बांग्ला, ओडिय़ा और कॉमर्स में आवेदन किए जा सकते हैं.
अबतक हुए दाखिले के मुताबिक, इन विषयों में छात्राओं की संख्या बेहद कम है. बॉटनी ऑनर्स में सिर्फ 17 छात्राओं ने नामांकन लिया है. इसी तरह केमिस्ट्री में 52, मैथ में 70, फिजिक्स में 48, साइकोलॉजी में 25, होम साइंस में 08, उर्दू में मात्र 02, संस्कृत में 01, फिलोसफी में 04, म्यूजिक में 01 और बांग्ला में एक भी छात्रा का दाखिला नहीं हुआ है.
इसलिए फिर से आवेदन को चांसर पोर्टल खोला गया है. उधर, पीजी में भी दाखिले की रफ्तार धीमी है. अबतक पीजी में प्रथम मेधा सूची से बोटनी में तीन छात्राओं ने दाखिला लिया है तो संस्कृत में 01, बंगाली में 02, राजनीति विज्ञान में 01, अर्थशास्त्र में 01, फिजिक्स में 09, हिंदी में 14 छात्राओं ने दाखिला लिया है.
पीजी की छात्राएं भी बुधवार तक चांसलर पोर्टल में महिला विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए आवेदन कर सकती हैं.

