
उदित वाणी जमशेदपुरः डीएलसी कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में आज मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के अंतर्गत फरवरी माह में कुवैत में मृत स्व. कमलजीत सिंह की पत्नी सर्वजीत कौर को 500000 रुपए का अनुदान चेक प्रदान किया गया। इस मौके पर उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद, झारखंड प्रदेश गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह और रंगरेटा महासभा के प्रधान सरदार मनजीत सिंह गिल की उपस्थिति में विधायक सरयू राय ने स्व. कमलजीत सिंह की पत्नी सरबजीत कौर एवं माता बलवंत कौर को 5 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। इस दौरान श्री राय ने सरकारी योजना के बारे में विस्तार से उपस्थित लोगों को जानकारी दी एवं कमलजीत सिंह की पत्नी सरबजीत कौर को सरकारी पेंशन लगवाने के लिए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। सरदार शैलेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद का आभार प्रकट करते हुए योजना को सरल करने का अनुरोध भी किया। समारोह की अध्यक्षता डीएलसी राजेश प्रसाद एवं संचालन श्रम अधीक्षक और धन्यवाद ज्ञापन अवर श्रम आयुक्त पन्ना द्वारा किया गया।

