
उदित वाणी जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित होते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल बन गया। विजयी उम्मीदवार Naushin Khan को जैसे ही प्रमाण पत्र लेने के लिए मंच पर बुलाया गया, वह अपने पति के साथ पहुंचीं और औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए समर्थकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद मीडिया से बातचीत में नौशीन खान ने जुगसलाई नगर पालिका क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा।
बातचीत के दौरान उत्साह से भरी नौशीन खान ने जोरदार अंदाज में नारा लगाया — “कैसा हराया!” जिसे भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह की हार की ओर इशारा माना जा रहा है। इसके बाद निकले विजयी जुलूस में समर्थकों का जोश चरम पर रहा और पूरे रास्ते नारेबाजी होती रही।
गीत की धुन पर मना जीत का जश्न
मतगणना के शुरुआती रुझान सामने आते ही परिसर में फिल्म Apna Desh का लोकप्रिय गीत — “सुन चंपा, सुन तारा… कोई जीता, कोई हारा…” गूंजने लगा। यह गीत मशहूर गायक Kishore Kumar और Lata Mangeshkar की आवाज़ में है।
जैसे-जैसे रुझान नौशीन खान के पक्ष में मजबूत होते गए, समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और तालियों के बीच इस गीत पर झूमते हुए जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। जुगसलाई की सड़कों पर नारों और गीतों की गूंज देर तक सुनाई देती रही।
हालांकि, जहां एक ओर समर्थक उत्सव में डूबे नजर आए, वहीं विरोधी खेमे में मायूसी साफ झलक रही थी। अन्य पदों पर हार की ओर बढ़ रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए यह गीत चुभन भरा साबित हुआ।
चुनावी नतीजों के उतार-चढ़ाव भरे इस माहौल में “कोई जीता, कोई हारा…” की पंक्ति मानो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सच्चाई को सुरों में बयां करती रही।

