
उदित वाणी, जमशेदपुर : सेरसा चक्रधरपुर द्वारा आयोजित 29वीं अखिल भारतीय स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला रोमांच, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल भावना का शानदार उदाहरण बना. अंतिम मुकाबले में देवेंद्र माझी खेल फाउंडेशन (डीएमएसएफ) चक्रधरपुर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सीमा सुरक्षा बल, जालंधर को 2-1 गोल से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया.
खिताबी मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक, दक्षिण-पूर्व रेलवे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गेंद को किक मारकर किया. इस अवसर पर श्री तरुण हुरिया, मंडल रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और स्थानीय दर्शक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज़ रफ्तार, सामरिक कौशल और अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह बना रहा.
मुकाबले की शुरुआत से ही डीएमएसएफ चक्रधरपुर ने आक्रामक रणनीति अपनाई और पहले हाफ में बढ़त हासिल कर ली. सीमा सुरक्षा बल, जालंधर ने भी शानदार वापसी करते हुए बराबरी का गोल दागा, जिससे मैच और अधिक रोमांचक हो गया. निर्णायक क्षणों में डीएमएसएफ के खिलाड़ियों ने संयम, समन्वय और टीम भावना का परिचय देते हुए विजयी गोल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
विजेता टीम को मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार मिश्रा ने ₹1,00,001/- की नगद राशि एवं आकर्षक कप प्रदान कर सम्मानित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच देती हैं और युवाओं में अनुशासन, समर्पण तथा सकारात्मक खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करती हैं.
खिताबी मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीमा सुरक्षा बल, जालंधर के खिलाड़ी सोमीसोन शिराक को ‘मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया. उनके खेल की दर्शकों और अधिकारियों ने खुलकर सराहना की.
यह प्रतियोगिता भारतीय रेल की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता, अनुशासन और प्रतिभा संवर्धन की परंपरा को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है, जो क्षेत्रीय खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करती है.

