
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां में आयोजित 54वीं राष्ट्रीय जूनियर शतरंज एवं 39वीं राष्ट्रीय बालिका शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे राउंड के मुकाबले आज खेले गए, जिनमें कई कड़े और रोमांचक मैच देखने को मिले. आज प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण करने के लिए सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत भी पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और प्रतियोगिता के सुचारु संचालन की सराहना की.
जूनियर ओपन वर्ग में इथन वाज़ (रेटिंग 2500) ने शौर्य पॉल (रेटिंग 1969) को पराजित किया. वहीं मयंक चक्रवर्ती (रेटिंग 2465) ने मेहुल सोंधी (रेटिंग 1961) के खिलाफ जीत दर्ज की. दिन का एक बड़ा उलटफेर तब देखने को मिला जब मॉक्सिट शाह (रेटिंग 1974) ने उच्च रेटिंग वाले विग्नेश अद्वैत वेमुला (रेटिंग 2428) को मात दी. बालिका वर्ग में भी मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहे. सुनेत्रा डे (रेटिंग 1871) ने शेराली पटनायक (रेटिंग 2270) को हराकर सबको चौंका दिया. डब्ल्यूएफएम शुवी गुप्ता ने श्रेया जी. हिप्परागी के खिलाफ जीत दर्ज की, जबकि डब्ल्यूसीएम स्वरा लक्ष्मी एस. नायर (रेटिंग 2113) ने अश्विनिका मणि आर. (रेटिंग 1848) को पराजित किया.प्रतियोगिता के आगामी राउंड में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है, जहां देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे.

