
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप के दसवें राउंड के शीर्ष मुकाबलों ने खिताबी दौड़ को नया मोड़ दिया. बालक वर्ग में गोवा के इथन वाज़ ने शानदार जीत के साथ पहला स्थान मजबूत किया, जबकि बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश की शुभी गुप्ता ने अपनी बढ़त बरकरार रखी. प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है.
बालक वर्ग में गोवा के अंतरराष्ट्रीय मास्टर इथन वाज़ (रेटिंग 2500) ने काले मोहरों से गुजरात के एफएम विवान विशाल शाह (रेटिंग 2327) को हराया. इस जीत से इथन के 8½ अंक हो गए. असम के आईएम मयंक चक्रवर्ती (रेटिंग 2465) ने आंध्र प्रदेश के एफएम आदित्य वरुण गम्पा को मात देकर 7½ अंक जुटाए. महाराष्ट्र के एफएम जयवीर महेंद्रु (रेटिंग 2237) ने बड़ा उलटफेर करते हुए आंध्र प्रदेश के आईएम मोहम्मद इमरान (रेटिंग 2473) को हराया.

दसवें राउंड के बाद बालक वर्ग में इथन वाज़ पहले, मयंक चक्रवर्ती दूसरे तथा तेलंगाना के विग्नेश अद्वैत वेमुला तीसरे स्थान पर हैं.
बालिका वर्ग के शीर्ष बोर्ड पर महाराष्ट्र की दिव्या पाटिल (रेटिंग 1846) और उत्तर प्रदेश की डब्ल्यूएफएम शुभी गुप्ता (रेटिंग 2259) के बीच ड्रॉ रहा, शुभी के 8 अंक बने. त्रिपुरा की डब्ल्यूएफएम अर्शिया दास (रेटिंग 2232) ने पश्चिम बंगाल की मृत्तिका मलिक को हराया, जबकि तमिलनाडु की डब्ल्यूएफएम निवेदिता वीसी (रेटिंग 2003) ने दिल्ली की साची जैन को मात दी.
दसवें राउंड के बाद शुभी गुप्ता पहले, निवेदिता वीसी दूसरे तथा दिव्या पाटिल तीसरे स्थान पर कायम हैं. अंतिम राउंड्स में रोमांच चरम पर होगा.

