
उदित वाणी, जमशेदपुर : कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के तत्वावधान में स्टेट कराटे चैंपियनशिप का आयोजन जमशेदपुर स्थित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 दिसंबर से 21 दिसंबर तक किया जा रहा है. कार्यक्रम के पहले दिन दोपहर 12 बजे से खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हुई. रजिस्ट्रेशन के उपरांत खिलाड़ियों और अधिकारियों ने सामूहिक लंच किया, जिसके बाद टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत हुई.
इस चैंपियनशिप में झारखंड राज्य के 16 विभिन्न जिलों से कुल 235 कराटे खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑल इंडिया कराटे फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी एवं कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के अध्यक्ष नंदजी प्रसाद और जमशेदपुर के जाने-माने खेलप्रेमी व समाजसेवी रमेश हांसदा ने संयुक्त रूप से किया.
उद्घाटन समारोह में एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (टेक्निकल) विमल नाग, उपाध्यक्ष गणेश थापा, महासचिव निरंजन पांडे, उपाध्यक्ष नौशाद ख़ान, सचिव राहुल गोप, कोषाध्यक्ष राजेश मोहंती, उप सचिव कमल किशोर व राकेश एक्का, साथ ही सदस्य तनुश्री दत्ता, जगदीश नाग, गुमन गाड़ी, लाल चंद्र, संगीत कुमारी और सबीता सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान राज्यभर के उभरते कराटे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर चयन के अवसर प्राप्त होंगे. आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमियों और नागरिकों से उपस्थिति देकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की.

