
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी 15 फरवरी रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मोहम्मडन एससी के खिलाफ इंडियन सुपर लीग 2025-26 सीजन का अपना अभियान शुरू करेगा. लगभग एक साल बाद स्टील सिटी में भारतीय फुटबॉल की टॉप टियर वापस आ रही है, और फैंस में उत्साह चरम पर है. 15,000 से अधिक टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं, जिससे एक रोमांचक शाम के लिए मंच तैयार है. ओवेन कॉयल, मेन ऑफ स्टील की कमान संभालकर वापस लौटे हैं और सीजन की शुरुआत में ही अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं. शील्ड जीत चुके इस कोच का लक्ष्य है कि इस सीजन के नौ होम मैचों में फर्नेस को फिर से एक किला बना दें.
चार कप्तान से सजी है जेएफसी की टीम
जमशेदपुर एफसी सुपर कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वापसी करना चाहता है. टीम ने कॉयल के नेतृत्व में ट्रेनिंग में नई तीव्रता दिखाई है, जहां उन्होंने एकता, कार्य नैतिकता और सामूहिक नेतृत्व पर जोर दिया है. चार कप्तानों -स्टीफन एजे, लाज़ार सिरकोविच, प्रणय हल्दर और प्रतीक चौधरी—की नियुक्ति से टीम में साझा जिम्मेदारी की भावना को दर्शाया गया है. इस मुकाबले में मिडफील्ड निर्णायक साबित हो सकता है, जहां विदेशी खिलाड़ी निकोला स्टोजानोविच और मदीह तलाल महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं. निकोला का शांत और नियंत्रित खेल मध्य क्षेत्र में संतुलन लाता है, जबकि तलाल की रचनात्मकता और हमले की धार टीम को किनारे तक ले जाती है. रेई तचिकावा इंजन रूम को और मजबूत बनाते हैं, जबकि पीछे स्टीफन एजे और लाज़ार स्थिरता और अनुभव प्रदान करते हैं.
जीत से शुरूआत करना चाहेगा मोहम्मडन एससी
दूसरी ओर, मोहम्मडन एससी अपने अभियान की शुरुआत जीस करना चाहेगा. अपनी लचीलापन और अनुशासित संरचना के लिए जाने जाने वाले वे जमशेदपुर की रक्षात्मक व्यवस्था की परीक्षा लेंगे और काउंटर-अटैक पर मौके तलाशेंगे. मुकाबले से पूर्व ओवेन कॉयल ने कहा, “वे उत्साही और एकजुट होंगे, खासकर उनकी स्थिति को देखते हुए. हमें उनका सम्मान करना होगा, लेकिन हमारा तरीका है कि पहले मिनट से ही हाई इंटेंसिटी के साथ खेलें, गेंद को पास और मूव करें, सकारात्मक रहें, मौके बनाएं और डिफेंस में मजबूत बने रहें.”

