
उदित वाणी, गुवाहाटी/रांची : डीएवी चिड़िया के छात्र रेहान कच्छप ने राष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड एल जोन का नाम रोशन किया. डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के रायपुर में उन्होंने 50 मीटर दूरी की तीरंदाजी में गोल्ड मेडल के साथ प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं, 30 मीटर दूरी में कांस्य पदक जीत तीसरा स्थान प्राप्त किया तथा ओवरऑल टीम विनर और चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक से सम्मानित हुए.
रांची में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी डीएवी चिड़िया के छात्रों ने कमाल दिखाया. कक्षा नौवीं के समीर पूर्ति ने 200 मीटर रेस में पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा आठवीं की तिलक मुंझी ने शॉट पुट में भी पांचवां स्थान प्राप्त कर संतोषजनक सफलता हासिल की.
स्कूल के प्राचार्य डॉ. शिवनारायण सिंह ने रेहान की सफलता का श्रेय डीएवी झारखंड एल जोन की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री रेखा कुमारी, राष्ट्रीय निदेशक डॉ. वीर सिंह, स्थानीय शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों को दिया. उन्होंने कहा कि डीएवी संस्थान मेधावी और परिश्रमी छात्रों को तराशने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा. उत्कृष्ट पढ़ाई के साथ खेलों में प्रतिभा निखारने के सतत प्रयास जारी हैं. इस सफलता से डीएवी चिड़िया ने झारखंड एल जोन में इतिहास रच दिया.
उक्त अवसर पर खेल शिक्षक सुमित सेनापति, मौमिता मजुमदार, मुकेश प्रजापति, तन्मय चटर्जी तथा रांची प्रतियोगिता में जितेंद्र त्रिवेदी मौजूद रहे. प्राचार्य ने छात्रों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के लिए संस्थान के कृतसंकल्प होने की पुष्टि की.

