
उदित वाणी, जमशेदपुर : 75 वें स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट में शनिवार को तीव्र प्रतिस्पर्धा और जीवंत खेल गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. इस टूर्नामेंट ने पटना, भुवनेश्वर, पारादीप, रांची, दिल्ली और जमशेदपुर सहित विभिन्न शहरों से 250 से अधिक गोल्फरों को आकर्षित किया है, जबकि स्थानीय गोल्फरों की मजबूत भागीदारी ने प्रतिस्पर्धा के स्तर को और ऊँचा कर दिया है.इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन एक दिन पहले गोलमुरी गोल्फ कोर्स पर पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा किया गया था.
शनिवार के खेल में कई श्रेणियों में गोल्फरों ने प्रतिस्पर्धा की और दर्शकों ने दोनों कोर्स की खूबसूरत पृष्ठभूमि में उच्च-स्तरीय प्रदर्शनों का आनंद लिया. यह आयोजन अपनी अनुशासित व्यवस्था, खेल भावना और प्रतिभागियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल के लिए जाना जाता है. टूर्नामेंट का समापन रविवार को होगा, जब टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विजेताओं को सम्मानित करेंगे. दशकों से स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट प्रतिस्पर्धी उत्कृष्टता, सटीक आयोजन और आतिथ्य सत्कार के लिए प्रसिद्ध रहा है, जिसने इसे क्षेत्र की सबसे प्रतिक्षित खेल प्रतियोगिताओं में से एक बना दिया है.

