
उदित वाणी, जमशेदपुर : मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षा 2025–26 के मद्देनजर एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया. यह सत्र 22 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसका संचालन सदर अस्पताल की मनोवैज्ञानिक डॉ. स्मिता हेंब्रम ने किया.

सत्र में अभिभावकों को बोर्ड परीक्षा 2026 से जुड़ी नवीनतम नियमावली, दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई, ताकि वे अपने बच्चों को शैक्षिक व मानसिक रूप से बेहतर सहयोग दे सकें. डॉ. हेंब्रम ने परीक्षा के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और जागरूकता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की तथा अभिभावकों को व्यावहारिक सुझाव भी दिए.

स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को परीक्षा प्रक्रिया की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और अधिक से अधिक अभिभावकों से ऐसे कार्यक्रमों में जुड़ने की अपील की. प्रिंसिपल श्रीमती संगीता सिंह और विद्यालय के पूर्व छात्रों ने इस पहल की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. स्कूल परिवार ने डॉ. स्मिता हेंब्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सत्र को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए समस्त प्रबंधन एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया.

