
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में सोमवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के अंतर्गत खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें रेलकर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही.
अभियान के दौरान हावड़ा–स्टील एक्सप्रेस, मुंबई–गीतांजलि एक्सप्रेस और बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत करीब दर्जनभर ट्रेनों में सघन जांच की गई. जांच के दौरान बिना टिकट, गलत श्रेणी में यात्रा करने और अन्य रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले 235 यात्रियों को पकड़ा गया. उनसे कुल एक लाख 22 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इससे पहले चक्रधरपुर रेल मंडल के निर्देश पर टाटानगर रेलवे स्टेशन सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया था. उस दौरान 603 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे चार लाख 25 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया था.

