
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलखंड में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जुगसलाई ओवरब्रिज के पास एक महत्वपूर्ण रेलवे सिग्नलिंग केबल क्षतिग्रस्त पाई गई. केबल कटने के कारण इलाके में सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक सर्किट पूरी तरह फेल हो गया, जिससे संबंधित सेक्शन में सभी सिग्नल ब्लैंक हो गए. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों की आवाजाही तत्काल रोक दी.
इस तकनीकी खराबी का सीधा असर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ा. कई ट्रेनें रास्ते में ही रोक दी गईं, जबकि कुछ को टाटानगर और आसपास के स्टेशनों पर खड़ा कर दिया गया. नतीजतन सैकड़ों यात्री घंटों प्लेटफॉर्म पर फंसे रहे. यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई, खासकर उन लोगों में जिन्हें आगे की यात्रा के लिए कनेक्टिंग ट्रेन पकड़नी थी. भीड़ बढ़ने से स्टेशन पर अव्यवस्था का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि केबल आसपास चल रहे निर्माण या रखरखाव कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई है. तकनीकी कर्मियों द्वारा कटे हुए केबल को जोड़ने और सिस्टम को बहाल करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है.
रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रभावित लाइन की स्प्लाइसिंग का कार्य पूरा होने के बाद दोपहर तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है. तब तक एहतियातन ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जा रही है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सेवा बहाली के बाद ही ट्रेनों को पूर्ण रूप से चलाया जाएगा.

