
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के नागरिक सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के चयनित 16 सदस्य शनिवार को बाहरी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए विशाखापट्टनम रवाना हुए. सभी सदस्य रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में कैम्प में भाग लेंगे.
इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आउटडोर प्रशिक्षण कैम्प नागरिक सुरक्षा कर्मियों के बीच टीम भावना को और सुदृढ़ करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों एवं तकनीकों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किया गया है. यह प्रशिक्षण कैम्प एक दिसंबर से सात दिसंबर तक ईस्ट कोस्ट रेलवे के विशाखापट्टनम डिवीजन में चलेगा.
उन्होंने बताया कि सात दिवसीय इस विशेष कैम्प में प्रतिभागियों को अलग-अलग प्रकार के प्रशिक्षण सत्रों, प्रयोगशाला आधारित अभ्यास, प्रतियोगिता, मैदानी गतिविधि तथा एक दिवसीय अध्ययन दौरे से गुजरना होगा. छह दिसंबर को कैम्प स्थल पर सिविल डिफेंस राइजिंग डे यानी उगता दिवस भी मनाया जाएगा, जिसमें सभी डिवीज़नों के प्रतिभागी शामिल रहेंगे.
दक्षिण पूर्व रेलवे के विभिन्न मंडलों—रांची, आद्रा, बोकारो, संतरागाछी, हावड़ा, खड़गपुर तथा विशाखापट्टनम—से कुल 130 सिविल डिफेंस जवान इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं. कैम्प के प्रमुख प्रशिक्षक के रूप में संतोष कुमार की नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे.
सदस्यों के सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था भी की है. खड़गपुर से एक अतिरिक्त कोच लगाई गई है, जो ट्रेन संख्या 012663 हावड़ा–तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस में अटैच होकर विशाखापट्टनम तक जाएगी. इसी कोच में टाटानगर के जवानों के साथ अन्य मंडलों के प्रतिभागी भी यात्रा करेंगे.
टाटानगर से रवाना हो रहे सभी 16 सदस्यों को रेलवे अधिकारियों एवं सिविल डिफेंस इकाई के वरिष्ठ सदस्यों ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया. अधिकारी वर्ग को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण के बाद जवान और अधिक सक्षम, आत्मविश्वासी व तकनीकी रूप से दक्ष बनकर लौटेंगे तथा रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.

