
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन से कटिहार जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन सोमवार को निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई. ट्रेन के विलंब से खुलने के कारण प्लेटफॉर्म नंबर एक पर इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच अफरातफरी और बेचैनी का माहौल देखने को मिला. कई यात्री लंबे समय से ट्रेन के आने और प्रस्थान का इंतजार करते रहे.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन को रवाना करने का आदेश चक्रधरपुर रेल मंडल से प्राप्त होने के बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से प्रस्थान कराया गया. हालांकि देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
यात्रियों का कहना था कि दिल्ली, मुंबई और बिहार की ओर जाने वाली कई ट्रेनें अक्सर देर से टाटानगर पहुंचती हैं. इसके बावजूद टाटानगर से खुलने वाली ट्रेनों को भी समय पर रवाना नहीं किया जाता. यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.

