
उदित वाणी,जमशेदपुर/विशाखापत्तनम : रेल सिविल डिफेंस के जवानों ने विशाखापत्तनम् में आयोजित आउट डोर कैंप में अपने कर्तव्यों, आपदा रेस्क्यू कौशल और व्यवहारिक दक्षता का ऐसा प्रदर्शन किया कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद मुख्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी और दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक थे, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आपदा राहत एवं टीम वर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे गार्डनरीच, कोलकाता द्वारा इस सात दिवसीय आउट डोर कैंप का आयोजन किया गया था। इसमें गार्डनरीच, संतरागाछी, खड़गपुर वर्कशॉप एवं ओपन लाइन, आद्रा, बोकारो, रांची, बंडामुंडा और टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के अधिकारी एवं जवानों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में सिविल डिफेंस एक्ट, जवानों के अधिकार और कर्तव्य, साथ ही व्यवहारिक कार्यों का अभ्यास शामिल था। इन महत्वपूर्ण सत्रों का नेतृत्व टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किया।
कैंप के अंतिम दिन विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन परिसर के मुख्य द्वार के सामने वास्तविक दुर्घटना दृश्य की तर्ज पर मेजर और माइनर घायलों के बचाव की लाइव मॉक ड्रिल प्रस्तुत की गई। इसमें ऊपरी मंजिल पर फँसे घायल व्यक्ति को चेयर नॉट और मैन हार्नेस की मदद से रस्से के माध्यम से नीचे उतार कर प्राथमिक उपचार केन्द्र तक ले जाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। पूरे कार्यक्रम के इवेंट्स का निर्देशन वाल्टेयर डिविजन के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा संरक्षण अधिकारी आनंद कुमार मुत्तातकर ने किया।
टाटानगर के जवानों—कल्याण कुमार साहू, अनिल कुमार, गीता कुमारी, अनामिका मंडल, सरस्वती मूर्मू, अनिता टुटु, अनुराग, अमीत, वलि राम, रितेश गुहा आदि—ने अत्यंत कुशलता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन कर मुख्य अतिथियों और दर्शकों को प्रभावित किया। क्रमबद्ध रेस्क्यू पद्धति की व्याख्या एवं मंच संचालन इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने संभाला।
कार्यक्रम के अंत में ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये इनाम की घोषणा की। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बेहतरीन व्याख्यान और प्रशिक्षण के लिए इंस्पेक्टर संतोष कुमार की पीठ थपथपाई। इस अवसर पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंनकवाल, दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार गुप्ता, वाल्टेयर डिविजन के डीआरएम ललित वोहरा, एडीआरएम कुण्डु रामा राव, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार मुत्तातकर समेत रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, आरपीएफ जवान, टैम्पू-टैक्सी चालक दल एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।


