
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12871/12872 हावड़ा-टिटलागढ़-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस का विस्तार जूनागढ़ रोड तक करने का निर्णय लिया है. नई व्यवस्था के अनुसार, 12871 हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस 21 फरवरी 2026 से अपनी यात्रा जूनागढ़ रोड तक करेगी, जबकि 12872 टिटलागढ़–हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस 22 फरवरी 2026 से जूनागढ़ रोड से प्रारंभ होगी.
संशोधित समय-सारिणी के मुताबिक, 12871 हावड़ा–जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस हावड़ा स्टेशन से सुबह 06:30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 22:35 बजे जूनागढ़ रोड पहुंचेगी. वापसी दिशा में 12872 जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस जूनागढ़ रोड से रात 02:15 बजे रवाना होकर शाम 18:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, टिटलागढ़ और जूनागढ़ रोड के बीच यह ट्रेन केसिंगा, लांजीगढ़ रोड और भवानीपटना स्टेशनों पर ठहरेगी. इस विस्तार से ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र के यात्रियों को कोलकाता सहित प्रमुख शहरों तक सीधी और बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.
रेल अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय क्षेत्रीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी यात्राओं में सहूलियत बढ़ेगी. रेलवे के इस कदम को स्थानीय यात्रियों ने स्वागतयोग्य बताते हुए कहा कि अब उन्हें टिटलागढ़ पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और असुविधा दोनों में कमी आएगी.

