
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी तटीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. ट्रेन संख्या 02832/02831 (भुवनेश्वर-धनबाद-भुवनेश्वर टॉड स्पेशल) को अब नियमित रूप से चलाने का फैसला किया गया है. इसे 18403/18404 भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन संचालित किया जाएगा. यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से भुवनेश्वर से और 2 अप्रैल 2026 से धनबाद से शुरू होगी.
18403 भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस रात 8:25 बजे भुवनेश्वर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:00 बजे धनबाद पहुंचेगी. वहीं, 18404 धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस धनबाद से शाम 4:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:15 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी.
यह ट्रेन कटक, ढेंकानाल, तालचेर रोड, अंगुल, संबलपुर सिटी, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
ओडिशा और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को इस दैनिक सेवा से बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही, व्यापार और आवागमन को गति मिलेगी. रेलवे के इस निर्णय को क्षेत्रीय विकास के लिए अहम माना जा रहा है.

