
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय संविधान के अंगीकरण की स्मृति में दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय, गार्डनरीच में बुधवार को संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा, अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार सहित सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व—के प्रति पुनः अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
महाप्रबंधक श्री मिश्रा ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान न केवल विश्व के सबसे विस्तृत संविधानों में से एक है, बल्कि इसमें निहित मूल्यों ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान किया है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन में संवैधानिक आदर्शों का पालन करते हुए रेलवे सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहयोग दें.
संविधान दिवस दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी मंडलों—खड़गपुर, आद्रा, चक्रधरपुर और रांची—में भी उत्साहपूर्वक मनाया गया. इन सभी स्थानों पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकत्रित होकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति समर्पण व्यक्त किया.
दक्षिण पूर्व रेलवे प्रशासन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है. यह अवसर नागरिक दायित्वों को समझने और उन्हें अपने दैनिक कार्यों में प्रतिबिंबित करने का संकल्प लेने का है. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.

