
उदितवाणी, जमशेदपुर: ओडिशा और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेल मंत्रालय ने लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए ट्रेन संख्या 02832/02831 भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल को अब नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है.
अब यह ट्रेन 18403/18404 भुवनेश्वर–धनबाद एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी. पहले यह ट्रेन स्पेशल श्रेणी में चल रही थी, जिसके कारण यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना पड़ता था. नियमित ट्रेन बनने के बाद यात्रियों को इस अतिरिक्त किराए से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी.
ओडिशा–झारखंड के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इस निर्णय से ओडिशा और झारखंड के कई महत्वपूर्ण शहरों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. ट्रेन के नियमित संचालन से झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो स्टील सिटी और चंद्रपुरा जैसे प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.
रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और कामकाजी लोगों को इससे काफी सुविधा मिलेगी. दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होने से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
रेल मंत्रालय के फैसले का यात्रियों ने किया स्वागत
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा लिया गया यह फैसला सराहनीय माना जा रहा है. लोगों ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्रालय और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है.

