
उदित वाणी, भुवनेश्वर/ धनबाद : रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के पोदानूर जंक्शन और धनबाद को जोड़ने वाली नई अमृत भारत ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है.
यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को दी है.
यह नई ट्रेन सेवा ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड के बीच रेल संपर्क को काफी मजबूत करेगी. पोदानूर और धनबाद के बीच नई अमृत भारत ट्रेन ओडिशा के नौ स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
पोदानूर (कोयंबटूर) और धनबाद के बीच नव स्वीकृत अमृत भारत रेल सेवा ओडिशा में कनेक्टिविटी को काफी बढ़ावा देगी. रायगढ़ा, मुनिगुडा, केसिंगा, टिटलागढ़, बालांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, झारसुगुडा और राउरकेला स्टेशनों पर रुकने वाली यह सेवा दक्षिण व पश्चिमी ओडिशा के सात जिलों को लाभान्वित करेगी. यह ट्रेन तमिलनाडु के प्रमुख शहरों जैसे कोयंबटूर, तिरुप्पुर व सलेम और झारखंड के महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों जैसे रांची, बोकारो और धनबाद से भी सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी, जिससे आर्थिक और सामाजिक संबंध मजबूत होंगे.
इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से ओडिशा और झारखंड के यात्रियों को काफी लाभ होने की उम्मीद है. इससे दक्षिण भारत और देश के अन्य हिस्सों की यात्रा आसान हो जाएगी. छात्रों, प्रवासी श्रमिकों, व्यापारियों और नियमित यात्रियों को, जो इन क्षेत्रों के बीच अक्सर यात्रा करते हैं, इस नई कनेक्टिविटी से काफी फायदा होने की उम्मीद है.
इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मांझी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री वैष्णव को ओडिशा में रेल संपर्क को बेहतर बनाने वाली इस नई ट्रेन सेवा को मंजूरी देने के लिए आभार व्यक्त किया है.
(आईएएनएस)

