
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा में सोमवार को बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह, करनडीह, पुड़ीहासा, केरुवाडूंगरी और ब्यांगबिल पंचायत में टाटा स्टील कंपनी की ओर से सुविधाएं नहीं दिए जाने का मुद्दा पोटका विधायक संजीव सरदार के द्वारा उठाया गया. संजीव सरदार ने कहा कि ये सभी इलाके टाटा कंपनी के 3 से 5 किमी परिधि क्षेत्र में आते हैं इस क्षेत्र में टाटा ग्रुप में काम करने वाले स्थायी, अस्थायी और ठेका मजदूरों की संख्या अधिक है, लेकिन टाटा स्टील की ओर से यहां पेयजल, सफाई और बिजली जैसी स्थायी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं. विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की है कि टाटा स्टील यहां के 20 पंचायतों में रहने वाले लगभग 1 लाख लोगों के लिए सीएसआर के तहत स्थायी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराए.
पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा था मांग पत्र
विदित हो कि बीते शनिवार को बागबेड़ा जिला परिषद सदस्य किशोर यादव के नेतृत्व में मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य राजू ठाकुर ने संयुक्त रूप से विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर इस विषय में मांग पत्र सौंपा था. मांग पत्र में मुख्य रूप से बागबेड़ा, कीताडीह और घाघीडीह क्षेत्र के 15 पंचायतों में सीएसआर मद से स्थायी नागरिक सुविधा बहाल करने की मांग की गई थी.
पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने जताया आभार
विधानसभा में मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाने पर जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य राजू ठाकुर ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा इस पहल से पोटका क्षेत्र के लाखो लोगों को स्थायी नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है, जो वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे.

