
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों के कुछ बूथों में सोमवार को मतदाताओं का काफी उत्साह दिखा. यही वजह है कि संकोशाई रोड नंबर 5 के सोमाया मेमोरियल स्कूल, गुडरुबासा में बनाए गए 5 बूथों में से अधिकांश बूथों में सुबह साढ़े 10 बजे 25 प्रतिशत मतदान हुआ है. यहां मौजूद 07 वार्ड के प्रत्याशी भक्तरंजन महतो ने बताया कि यहां 50 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की संभावना है क्योंकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में 55 प्रतिशत तक मतदान होता है. इस बार मतदाता सूची में त्रुटि होने की वजह से लोगों को समय ज्यादा लग रहा है.
दूसरी ओर मतदाताओं की शिकायत है कि बीएलओ की लापरवाही के कारण मध्य विद्यालय संकोशाई के अधिकांश मतदाताओं को रविवार को देर रात तक भी मतदाता पर्ची नहीं मिल पाई है. इसके कारण उन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यहां मौजूद बूथ एजेंट गुणाधीश देव ने बताया कि उन्होंने अब तक 30 से अधिक मतदाताओं को पर्ची बनाकर दिया है जबकि अन्य प्रत्याशीयों के एजेंटों ने कुल मिलाकर 100 से अधिक पर्ची बनाकर दिए हैं. गड़बड़ी की बात और है कि कुछ बीएलओ द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव की गलत पर्ची थमा दी गई है जिससे मतदाता और अधिक परेशान दिखे क्योंकि नई मतदाता सूची अलग है.

