
उदित वाणी, चांडिल: कपाली नगर परिषद चुनाव में सियासी हलचल उस समय तेज हो गई जब पूर्व नप अध्यक्ष शोभा रानी महतो ने बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया. समर्थकों की भारी मौजूदगी से परिसर चुनावी रंग में नजर आया. नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि पिछली बार जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना था, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया गया और अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी.
पुनः अवसर मिलने पर कपाली को स्वच्छ और विकसित नगर परिषद बनाया जाएगा. उल्लेखनीय है कि इस बार कांग्रेस का समर्थन न मिलने के बावजूद वे बगावती तेवर के साथ मैदान में उतरी हैं. इधर, वार्ड 21 से कांग्रेस चांडिल प्रखण्ड अध्यक्ष ललित महतो, वार्ड 17 से अजय महतो और वार्ड 20 से सुबोध महतो ने भी नामांकन दाखिल कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है.

