
उदित वाणी, रांची : झारखंड सरकार की गृह सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने मंगलवार को मोरहाबादी मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. यहां 28 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान गृह सचिव ने बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन सेवाएं, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और ध्वनि व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से जांच की. उन्होंने निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले अभ्यर्थियों और आमंत्रित अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तैयारी सुनिश्चित करें.
इस अवसर पर शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, रांची उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री, राज्य परियोजना निदेशक (झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद) श्री शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वर नाथ आलोक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री उत्कर्ष कुमार, उपसमाहर्ता (नजारत) श्री सुदेश कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडे उपस्थित थे.

