
उदित वाणी, रांची : जदयू ने रांची में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए एक दिवसीय मैच के टिकटों में हुई कालाबाज़ारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टिकटों की जमकर अवैध ढंग से बिक्री की गई है. जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने तत्काल इसकी जांच एसीबी से कराने की मांग की है.
सागर के अनुसार स्थानीय दुकानदारों और सक्रिय दलालों को स्टेडियम परिसर में टिकट वितरण से जुड़े कुछ लोगों ने खुलकर संरक्षण दिया. उन्होंने कहा कि जब प्रति व्यक्ति टिकट खरीद की सीमा तय थी, तो बड़ी मात्रा में टिकट बाहर कैसे पहुंचा. उन्होंने सवाल उठाया कि भारी संख्या में टिकट बेचने वाले पूरे नेटवर्क और उसके मास्टरमाइंड का अब तक कोई सुराग क्यों नहीं मिल पाया है. उन्होंने बताया कि इस रोमांचक मुकाबले को देखने पहुंचे दर्शकों को टिकटों के लिए ब्लैक में चार गुणा अधिक कीमत चुकानी पड़ी.
जिससे क्रिकेट प्रेमियों और राज्यवासियों में गहरा आक्रोश है. टिकटों के ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों की बिक्री में भारी अनियमिततायें की गई. सागर कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि कम्प्लीमेंट्री टिकट इतनी बड़ी संख्या में बांटे गए कि राजस्व वसूली के लिए आम दर्शकों से अतिरिक्त राशि वसूलने की नौबत आ गई.

