
उदित वाणी, रांची : हरमू हाउसिंग कॉलोनी की एक महिला ने जेएलकेएम प्रमुख सह डुमरी के विधायक जयराम महतो समेत तीन लोगों के खिलाफ अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज करायी है. महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर उनका मानहानि और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है. महिला ने अपनी शिकायत में रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र निवासी उत्तम कुमार महतो और बिट्टू सिंह को भी आरोपी बनाया है.
महिला का आरोप है कि जेएलकेएम पार्टी से जुड़े यूट्यूब चैनल के माध्यम से उनके खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है. यूट्यूबर बिट्टू सिंह द्वारा महिला का नाम लेकर एक वीडियो बनाया गया है. जिसमें आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है.
महिला का यह भी दावा है कि यूट्यूबर उत्तम कुमार महतो विधायक जयराम महतो के करीबी सहयोगी हैं और यह वीडियो उन्हीं के इशारे पर बनाया गया है. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक द्वारा पूर्व में दर्ज एक मामले को वापस लेने के लिए दबाव बना चुके हैं और जब महिला ने दर्ज मामले को वापस नहीं लिया, तो उन्हें समाज में बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उक्त महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
