
उदित वाणी, रांची : आजसू पार्टी 9 अगस्त से 14 अगस्त तक “नौकरी दो हेमंत सरकार” अभियान चलाएगी और राज्य सरकार से हिसाब मांगेगी. इसके अलावा पार्टी निजी क्षेत्र में स्थानीय को 75 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर भी पार्टी संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय में भी पहल करेगी तथा निजी क्षेत्र के कार्यालयों में ज्ञापन देगी. आजसू के मुख्य प्रवक्ता डा देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता एवं युवा नेता संजय मेहता ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उक्त जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि 22 जून स्थापना दिवस को बलिदान दिवस के रूप में मनाने के अवसर पर पार्टी द्वारा झारखंड में स्थानीयता, नियोजन, पुनर्वास, नियुक्ति परीक्षा, परिणाम व नियुक्ति कैलेंडर तथा ओबीसी आरक्षण, निजी क्षेत्र में आरक्षण, आउटसोर्सिंग में आरक्षण, आउटसोर्सिंग नियुक्ति से सरकारी नियुक्तियों में भरा जाना, पेसा क़ानून, सरना धर्म कोड, जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, सीएनटी-एसपीटी एक्ट नौकरशाही में करप्शन, कंपनियों की मनमानी, झारखंड आंदोलनकारियों के बीच पहचान का संकट, क़ानून व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति एवं मईंयां सम्मान योजना को बिना स्पष्ट क़ानून और विधिक प्रक्रिया के लागू किए जाने संबंधी बिषयों को प्रमुखता से उठाया गया है.
राज्य के इन अहम बिषयों पर पार्टी मुखरता के साथ संघर्ष करेगी. वहीं राजेंद्र मेहता ने बताया कि आजसू पार्टी 30 जून को हूल दिवस, 8 अगस्त को निर्मल महतो शहादत दिवस व 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.
