
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. इसके बाद प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए साहू ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और राज्य सरकार मस्त है. राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से डीजीपी की नियुक्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्देश आया है उससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार को संवैधानिक व्यवस्था से कुछ भी लेना देना नहीं है और सरकार पूरी तरह हठधर्मिता पर उतर आई है. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम है. सत्ता धारी गठबंधन और राज्य सरकार का संरक्षण अपराधियों को प्राप्त है.
इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आशंका जताते हुए कहा कि ऐसे में राज्य में होने वाले निकाय चुनाव निष्पक्ष होंगे, इसकी संभावना कम है तथा भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने ध्वस्त कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की. साथ ही उन्होंने राज्य के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की मांग की. उन्होंने कहा कि मतपेटी स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल पर भी केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती किये जांय. राज्य सरकार अपनी हार को जीत में बदलने के लिए पुलिस प्रशासन का दुरूपयोग कर सकती है.

