
उदित वाणी, नई दिल्ली : भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक चले 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2025 में झारखंड की सखी मंडल महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन किया. जेएसएलपीएस से जुड़ी इन ग्रामीण महिलाओं ने पलाश ब्रांड के उत्पादों से कुल 30.72 लाख रुपये का कारोबार किया, जो उनकी कारीगरी और उत्पादों की गुणवत्ता को प्रमाणित करता है.
आदिवा ज्वेलरी और रागी लड्डू बने हिट, 14 लाख से अधिक की बिक्री
आदिवा ब्रांड की पारंपरिक चांदी व ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी ने दिल्लीवासियों को खासा भाया, जिसकी बिक्री 14.84 लाख रुपये से अधिक रही. पलाश ब्रांड के रागी-तिल लड्डू, अचार, अरहर दाल और सरसों तेल जैसे खाद्य उत्पादों के साथ तसर सिल्क साड़ियां, नैचुरल ब्यूटी प्रोडक्ट्स व डोकरा कला ने भी खूब आकर्षित किया. सिमडेगा की कोलबिरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जमशेदपुर की मीनू रक्षित, गोड्डा का तसर सिल्क और दुमका की डोकरा कला विशेष रूप से सराही गई.

ग्रामीण महिलाओं को राष्ट्रीय मंच, 9.82 लाख लखपति दीदी बनीं
झारखंड सरकार व जेएसएलपीएस की पहल से ग्रामीण महिलाएं उद्यमी बन रही हैं, जिसका प्रमाण इस मेले में मिला. ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दिए कौशल प्रशिक्षण व बाजार जुड़ाव से अब तक 9.82 लाख महिलाएं लखपति दीदी के रूप में उभरी हैं. यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहा है.

