उदित वाणी दिल्ली: डीलिस्टिंग कानून बनाने की मांग को लेकर देशभर से आदिवासी समुदाय के लोग राजधानी दिल्ली पहुंचने लगे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक गीतों के साथ लोग लाल किला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं।
झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से पहुंचे आदिवासी समुदाय के लोग केंद्र सरकार से जल्द डीलिस्टिंग कानून लागू करने की मांग कर रहे हैं।
लाल किला मैदान में पहुंच रहे लोग कतारबद्ध तरीके से रैली स्थल तक पहुंच रहे हैं। मांदर, नगाड़ा और पारंपरिक गीतों के जरिए अपनी आवाज बुलंद की जा रही है।
आयोजकों के मुताबिक शाम चार बजे होने वाली रैली में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


