
उदित वाणी, न्यूज़ डेस्क: होली रंगों और खुशी का त्योहार है. इस दिन जितनी खुशी रंग लगाने में होती है, उतनी ही परेशानी बाद में चेहरे से रंगों को हटाने में होती है. बाजार में मिलने वाले ज्यादातर रंग केमिकल से बने होते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए होली खेलने से पहले चेहरे की सही देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है.
चेहरे की त्वचा शरीर के बाकी हिस्सों की तुलना में ज्यादा नाजुक होती है. अगर इसे पहले से सुरक्षित न किया जाए, तो रंग त्वचा के रोमछिद्रों में घुस जाते हैं. इससे जलन, खुजली, लालपन, रैशेज और बाद में दाग-धब्बों की समस्या हो सकती है. अगर त्वचा पर एक सुरक्षात्मक परत बना दी जाए, तो रंग सीधे स्किन के संपर्क में नहीं आते और बाद में आसानी से साफ हो जाते हैं.
होली से एक दिन पहले:
होली से एक दिन पहले चेहरे की हल्की सफाई बेहद जरूरी होती है. किसी माइल्ड फेसवॉश से चेहरा साफ करना चाहिए ताकि स्किन पर जमा गंदगी निकल जाए. साफ त्वचा पर लगाया गया मॉइस्चराइजर ज्यादा अच्छे से काम करता है. इसके बाद चेहरे पर अच्छी मात्रा में नारियल तेल, बादाम तेल या एलोवेरा जेल लगाना फायदेमंद माना जाता है. ये चीजें त्वचा पर एक नेचुरल लेयर बना देती हैं, जिससे रंग अंदर तक नहीं जा पाते.
होली के दिन बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना भी बहुत जरूरी है. धूप और केमिकल रंग मिलकर त्वचा को दोगुना नुकसान पहुंचा सकते हैं. सनस्क्रीन त्वचा को सूरज की तेज किरणों से बचाने के साथ-साथ रंगों के असर को भी कुछ हद तक कम करता है.
होली खेलते समय:
होली खेलते समय चेहरे को बार-बार पानी से धोना या रगड़ना सही नहीं होता. ऐसा करने से रंग और ज्यादा गहराई में चला जाता है. बेहतर है कि रंग लगे रहने दें और खेलने के बाद ही चेहरे की सफाई करें. सफाई के समय भी हार्श साबुन या स्क्रब का इस्तेमाल न करें. हल्के क्लींजर या कच्चे दूध से धीरे-धीरे रंग निकालें.
रंग निकालने के लिए मुल्तानी मिट्टी और दही का लेप:
होली का रंग निकालने के लिए चेहरे पर किसी तरह का साबुन या फेसवॉश न लगाएं. साबुन और फेसवॉश में पहले से केमिकल होते हैं और रंगों के साथ मिलकर वे दोगुनी प्रतिक्रिया करते हैं. ऐसे में साधे पानी से चेहरे को धोएं . शुद्धिकरण के लिए मक्के का आटा या फिर दरदरे चावल के आटे से चेहरे को हल्के हाथ से रगड़ें. यह न सिर्फ चेहरे को साफ करने का काम करेगा, बल्कि गंदगी को चेहरे से निकालने में मदद करेगा.
इसके बाद चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी और दही को मिलाकर लेप लगाएं. अक्सर रंगों को हटाने के लिए खुजली या लाल चकत्ते निकल आते हैं. ऐसे में मुल्तानी मिट्टी और दही का लेप चेहरे की जलन को साफ करेगा और चेहरे की रंगत को भी निखारने में मदद करेगा.
होली के बाद चेहरे पर मॉइस्चराइज़र और एलोवेरा जेल लगाना बहुत जरूरी है. रंग और पानी से त्वचा की नमी खत्म हो जाती है, जिससे रूखापन बढ़ सकता है. मॉइस्चराइजर त्वचा को दोबारा संतुलन में लाने में मदद करता है.
होली के रंग बालों को न बना दें बेजान, पहले से करें सही देखभाल
बालों की बाहरी परत बेहद संवेदनशील होती है. जब उस पर केमिकल रंग चिपक जाते हैं, तो बालों की नमी खत्म हो जाती है. इससे बाल बेजान और कमजोर दिखने लगते हैं. अगर बालों पर पहले से तेल की परत हो, तो रंग सीधे बालों के अंदर नहीं जा पाते. यही कारण है कि होली से पहले बालों में तेल लगाना सबसे जरूरी है.
होली खेलने से एक रात पहले बालों में अच्छे से नारियल तेल, सरसों का तेल या बादाम का तेल लगाना चाहिए. तेल स्कैल्प को पोषण देता है और बालों को टूटने से बचाता है. साथ ही, यह रंग को आसानी से निकालने में मदद करता है.
होली के उत्सव में बालों को खुला छोड़ना हानिकारक सिद्ध हो सकता है. खुले बालों में न केवल रंग अधिक समाते हैं, बल्कि उनके उलझने और टूटने की समस्या भी बढ़ जाती है. सुरक्षा की दृष्टि से चोटी, जूड़ा या पोनीटेल बनाना एक बेहतर विकल्प है. इससे बालों का रंगों से संपर्क कम से कम होता है और वे सुरक्षित रहते हैं.
रंग खेलने के तत्काल बाद बालों को धोने की जल्दबाजी न करें. सफाई से पूर्व बालों में पुनः थोड़ा तेल लगाकर हल्के हाथों से मालिश करें, जिससे बालों में जमा रंग ढीला पड़ जाए. इसके पश्चात किसी माइल्ड शैम्पू का उपयोग करें. ध्यान रखें कि बालों को बार-बार धोने से वे रूखे और कमजोर हो सकते हैं, इसलिए कोमलता से सफाई करना ही बेहतर है.
बाल धोने के बाद कंडीशनर या हेयर मास्क का इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है. यह बालों की खोई हुई नमी वापस लाने में मदद करता है.
होली के बाद कुछ दिनों तक हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर या कर्लर का इस्तेमाल न करें. रंग और धूप से पहले ही बाल कमजोर हो चुके होते हैं; ऐसे में गर्म उपकरण नुकसान बढ़ा सकते हैं.
जिद्दी रंगों से नाखूनों को बचाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
अक्सर ऐसा होता है कि होली खेलने के बाद रंग और गुलाल हाथ-पांव के नाखूनों में फंस जाते हैं, जो कई बार धोने के बाद भी हफ्तों तक साफ नहीं होते.
आपको रंग के कारण अपने नाखूनों के खराब होने की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. केमिकल वाले जिद्दी रंगों के दागों से नाखून को बचाने के लिए आप होली से पहले कुछ आसान और असरदार टिप्स को अपनाएं.
होली खेलने से पहले ही नाखूनों पर गहरा नेल पेंट लगाएं. अगर आप नोल पॉलिस नहीं लगा सकते हैं, तो नेल पेंट का ट्रांसपेरेंट कोट का इस्तेमाल करें. इससे आपके नाखूनों पर एक सुरक्षात्मक लेयर बनती है, जिससे रंग या गुलाल सीधे तौर पर आपके नाखूनों पर नहीं चिपकते और कम से कम दाग छोड़ते हैं.
अक्सर होली में लंबे नाखून वालों को ज्यादा समस्या होती है. इसलिए वे लोग होली खेलने से पहले ही अपने नाखून हल्का सा ट्रिम या छोटा कर लें. इसी के साथ उसपर नेल पेंट का एक या दो कोट लगा लें. इसके अलावा आप अपनी त्वचा और नाखूनों को होली की जिद्दी रंगों से बचाने के लिए मॉइस्चराइजर और सरसों या नारियल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

