
उदित वाणी, पटना : बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार आईपीएस और दो डीएसपी अधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में Bihar Home Department (आरक्षी शाखा) द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को पुलिस उप-महानिरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना से स्थानांतरित कर पुलिस उप-महानिरीक्षक, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के पद से हटाकर लखीसराय का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना के एसपी राजेश कुमार को नवगछिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि लखीसराय के एसपी अवधेश दीक्षित को बिहार पुलिस मुख्यालय (कार्मिक-एक) में नई जिम्मेदारी दी गई है।
डीएसपी स्तर पर भी बदलाव
बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों में कटिहार के डीएसपी (साइबर क्राइम) राम कृष्णा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़ (पटना) का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, आनंद कुमार सिंह को उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना में डीएसपी के पद पर तैनात किया गया है।
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक स्तर पर इसे अहम बदलाव माना जा रहा है और इससे राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
