
उदित वाणी, गुवा : टाटा स्टील की विजय-टू खदान के पुनः संचालन की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आंदोलन तेजी से उभर रहा है. इसी संदर्भ में किरीबुरु (पूर्वी) की मुखिया एवं नोवामुंडी प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा तथा भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंगल सिंह गिलुवा ने कहा कि यदि शीघ्र खदान संचालन शुरू नहीं हुआ तो सड़क और रेल चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा.
नेताओं ने बताया कि माइंस बंदी के कारण बड़ा जामदा, नोवामुंडी, बराईबुरु और गुवा क्षेत्र में आर्थिक मंदी की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है. पूरे सारंडा इलाके में कामधंधे बंद होने से भुखमरी जैसी परिस्थितियाँ बन गई हैं. बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में अपने गांव छोड़कर दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं.

मंगल सिंह गिलुवा ने कहा कि खदान बंदी से ट्रक मालिकों, ड्राइवरों और खलासियों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है. स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है. उन्होंने झारखंड सरकार से अपील की कि खदानों को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र में पुनः रोजगार के अवसर पैदा हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को राहत मिल सके.
पूनम गिलुवा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर गंभीर पहल नहीं की, तो ग्रामीण अगले चरण में व्यापक जन आंदोलन के तहत सड़क और रेल चक्का जाम का सहारा लेंगे.

