
उदित वाणी, सरायकेला : समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित हुआ. विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं पर उन्होंने क्रमवार एवं गंभीरता से सुनवाई की.
प्रमुख प्रकरण
जनता दरबार में खरसावां अंचल के हरिभांजा मौजा में सीमांकन के लंबित निष्पादन, नगर पंचायत सरायकेला के सिंदूरकुली टोला में पेयजल व स्ट्रीट लाइट समस्या, विद्युत खंभों पर एलईडी बल्ब लगाना, उत्क्रमित मध्य विद्यालय विचार, कुचाई में शिक्षक अभाव दूर करने हेतु विषयगत शिक्षक प्रतिनियुक्ति सहित विभिन्न विभागीय मुद्दे उठे.
पदाधिकारियों को निर्देश
उपायुक्त ने विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय पदाधिकारियों को सभी प्रकरणों की विधिसम्मत, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जहां स्थल निरीक्षण जरूरी, वहां अविलंब जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि नागरिकों को शीघ्र न्याय मिले.

