
उदित वाणी, गुवा : सेल किरीबुरु चिकित्सालय ने जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. यहाँ के सीएमओ प्रभारी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नंदी जेराई ने पश्चिमी सिंहभूम के हतनाबुरु (छोटानागरा) निवासी 62 वर्षीय जीतू हांसदा का सफल नेत्र ऑपरेशन किया. वह दोनों आंखों में अति परिपक्व मोतियाबिंद से पीड़ित थे, जिससे वह आधा मीटर की दूरी पर उंगली गिनने में भी असमर्थ थे. लंबे समय से देखने में परेशानी झेल रहे जीतू हांसदा के ऑपरेशन ने उन्हें नई जिंदगी दी है, और अब वह अंधेरे में भी उजाले जैसा अनुभव कर रहे हैं.
डॉ. जेराई ने बताया कि ऑपरेशन से पहले जीतू हांसदा का रक्तचाप नियंत्रित किया गया था ताकि ऑपरेशन सफल हो सके. छोटानागरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने डॉ. नंदी जेराई और चिकित्सालय की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है. लोगों का कहना है कि यहां असाध्य रोगों का भी सरलतापूर्वक सफल इलाज हो रहा है.
सेल किरीबुरु के वरिष्ठ चिकित्सक एवं सीएमओ डॉ. पी.आर. रंजन सिंह ने कहा कि चिकित्सकों की टीम निरंतर बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है, ताकि मरीजों को उच्चतम स्तर की देखभाल मिल सके. यह सफलता सेल किरीबुरु चिकित्सालय की जनसेवा की प्रतिबद्धता का प्रदर्शन है.

