
उदित वाणी, गुवा : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) गुवा में पिछले छह वर्षों से महाप्रबंधक (खान) के पद पर कार्यरत शंकर प्रसाद दास का चयन मोजांबिक, टेटे (अफ्रीका) में “हेड ऑफ माइंस” पद के लिए किया गया है. उनके चयन पर क्षेत्र के लोगों, सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
ज्ञात हो कि सेल, आरआईएनएल और एनएमडीसी द्वारा संयुक्त रूप से गठित आईसीवीएल (इंटरनेशनल कोल वेंचर्स लिमिटेड) नामक संयुक्त उद्यम कंपनी अफ्रीका में कोयला खदानों के संचालन के लिए स्थापित की गई है. उसी कंपनी के अंतर्गत बेंगा माइंस के ‘हेड ऑफ माइंस’ पद पर सेल गुवा के महाप्रबंधक शंकर प्रसाद दास को नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति भारत सरकार के खान मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित परियोजना के तहत की गई है.
श्री दास ने बताया कि उन्होंने आईएसएम धनबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. अपने 30 वर्षों के लंबे करियर में उन्होंने सेल गुवा में नौ वर्ष, सेल किरीबुरु में चार वर्ष, एक वर्ष आईआईएम इंदौर में प्रशिक्षण अवधि, पुनः किरीबुरु में चार वर्ष, सेल कोलकाता मुख्यालय में सात वर्ष तथा सेल मेघाहातुबुरु में एक वर्ष सेवा दी है. उनके समृद्ध अनुभव, कुशल नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट कार्यशैली के परिणामस्वरूप उन्हें यह महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वे दिसंबर 2025 के अंत तक मोजांबिक में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे.
श्री दास ने बताया कि इंटरनेशनल कोल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (ICVL) भारत की एक निजी लिमिटेड कंपनी है, जिसे सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रमों – स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL), कोल इंडिया लिमिटेड (CIL), आरआईएनएल, एनएमडीसी और एनटीपीसी द्वारा विदेशों में कोयला खदानों एवं संपत्तियों के अधिग्रहण हेतु स्थापित किया गया था.
इस कंपनी का मुख्य उद्देश्य अपने प्रवर्तक संगठनों की कोकिंग और थर्मल कोयले की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग को पूरा करने के लिए विदेशी स्रोतों से कोयला संसाधनों का अधिग्रहण एवं विकास करना है.
सेल गुवा परिवार ने श्री शंकर प्रसाद दास की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

