
उदित वाणी, गुवा : राजाबुरु खदान क्षेत्र में 75 प्रतिशत स्थानीय रोजगार की मांग को लेकर 10 गांवों के मुंडा-मानकी व ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा. सारंडा पीढ़ मानकी लागुड़ा देवगम व छोटानागरा पंचायत मुखिया राजू शांडिल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी खनन कार्य रोकने पर अड़े हैं.
मांगें व आक्रोश
ग्रामीणों ने कहा कि लिखित गारंटी के बिना खनन शुरू नहीं होगा. उन्होंने पांचवीं अनुसूची व ग्रामसभा अधिकारों का हवाला देते हुए स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता की मांग दोहराई. मानकी लागुड़ा देवगम ने चेतावनी दी, “रोजगार नहीं तो खनन नहीं. हमारी जमीन से खनिज निकलेगा, लेकिन बच्चे बेरोजगार रहेंगे – यह स्वीकार्य नहीं.” प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के मौन पर रोष जताया.
तनावपूर्ण स्थिति
आंदोलन स्थल पर तनाव बरकरार है. ग्रामीणों ने चेताया कि वार्ता न होने पर आंदोलन व्यापक होगा. क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका बनी हुई है.

