
उदित वाणी, गुवा : नोआमुंडी स्थित ओड़िया तालाब में महापर्व छठ का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया. घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जगह-जगह साफ-सफाई की गई और वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया. आरती के दौरान परिसर में जयघोष और भक्ति भाव का माहौल देखने को मिला.

संयुक्त रूप से नोवामुंडी छठ समिति के सदस्यों ने बताया कि छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित एक प्रमुख हिंदू पर्व है, जिसे बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल में बड़े श्रद्धा भाव से मनाया जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस पर्व की परंपरा महाभारत काल से चली आ रही है.

नोवामुंडी में छठ पर्व के आयोजन में समाजसेवी पप्पु गुप्ता, विजय गुप्ता, अंकज प्रसाद, टीपू प्रजापति, शक्ति कुमार, भोला मोदक, विजय प्रसाद, मनीष श्रीवास्तव, बब्लु झा सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आयोजन में टाटा स्टील एवं स्थानीय प्रशासन का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हुआ.

