
उदित वाणी, चाईबासा : कोल्हान बंद का असर चाईबासा सहित आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है. पुलिस के द्वारा लाठी चार्ज के विरोध में आंदोलनों के तहत चक्का जाम कर दिया गया है. आंदोलनकारी मुख्य बस स्टैंड के पास पहुंचकर मुख्य सड़क परिचालन पूरी तरह से ठप कर चुके हैं. पश्चिमी सिंहभूम भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरिचरण सांडिल ने नो एंट्री मांग को लेकर परिवहन मंत्री और सदर विधायक के आवास घेराव के विरोध की कार्यवाही को जिला प्रशासन की घोर निंदा की है.
श्री सांडिल ने जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और अंचल अधिकारी को सूचित कर बंद का ऐलान किया है.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की कार्यवाही में आंदोलनकारियों, महिलाओं और बच्चों को घसीट-घसीट कर लाठीचार्ज किया गया, जिसका जनजाति मोर्चा पश्चिमी सिंहभूम ने कड़ी शब्दों में निन्दा की है. उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन की आदिवासियों के प्रति लगातार की जा रही उत्पीड़न और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कड़ी निंदा की.
श्री हरिचरण सांडिल ने कहा कि कोल्हान के आदिवासी अब जेएमएम कांग्रेस नीत गठबंधन सरकार के चलचित्र और चेहरा की पहचान कर लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर ईसाई मिशनरियों द्वारा आदिवासियों का धर्मांतरण कराया जा रहा है, तो दूसरी ओर पुलिसिया कार्रवाई के जरिए आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह हेमंत सोरेन सरकार आदिवासियों को खत्म करने में लगी है, जिसे कोल्हान की जनता किसी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी.

