
उदित वाणी, गुवा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ किरीबुरु एवं मेघाहातूबुरू का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सेल कॉर्पोरेट मुख्यालय पहुँचा. इस प्रतिनिधिमंडल में किरीबुरु खदान की ओर से सुनील कुमार पासवान तथा मेघाहातूबुरू से अफताब आलम शामिल हुए. बैठक में खदान क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं और सेल पेंशन स्कीम (SPS) से जुड़ी कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक के दौरान सेल अध्यक्ष अमरेन्दु प्रकाश के समयाभाव के कारण प्रबंधन की ओर से हरि मोहन झा ने प्रतिनिधित्व किया. श्री झा ने प्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुनी और कई मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कुछ शिकायतों पर तुरंत पहल करते हुए किरीबुरु-मेघाहातूबुरू के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अमित कुमार विश्वास को फोन पर आवश्यक निर्देश दिए.
संघ ने प्रबंधन के समक्ष यह मुद्दा भी रखा कि अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब तक SPS भुगतान नहीं मिला है, जिनमें किरीबुरु के कृष्ण रजक का मामला प्रमुख है. इस पर श्री झा ने सभी लंबित मामलों का विस्तृत विवरण मांगा ताकि भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जा सके.
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि अगली बैठक इस्पात मंत्रालय, सेल प्रबंधन और नॉन-एनजेसीएस यूनियनों के साथ दिल्ली में आयोजित की जाएगी. इसमें ओवरटाइम बहाली, श्रम कानूनों के पालन और खदान कर्मियों को NJCS में प्रतिनिधित्व देने की माँग मुख्य रूप से उठाई जाएगी.
संघ की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किरीबुरु-मेघाहातूबुरू खदानों को NJCS में शामिल नहीं किया गया तो वे इन खदानों के एनएमडीसी में विलय की माँग करेंगे.

