
उदित वाणी, गुवा : झारखण्ड मज़दूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में, केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय की अध्यक्षता में गुवा अयस्क खान में कार्यरत स्थायी मज़दूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में सेल प्रबंधन की मज़दूर विरोधी नीतियों एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई.
बैठक में यह आरोप लगाया गया कि सेल प्रबंधन गुवा के स्थानीय शिक्षित एवं योग्य बेरोजगार युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी लोगों की नियुक्ति कर रहा है. विशेष रूप से माइनिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और सिविल जैसे तकनीकी क्षेत्रों में डिप्लोमा या आईटीआई धारक स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता न देकर बाहरी लोगों को नौकरी दी जा रही है, जिससे स्थानीय कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है.

इसके अलावा, मज़दूरों ने चिंता व्यक्त की कि गुवा क्षेत्र में चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा का स्तर निरंतर गिर रहा है. इससे आम जनता के जीवन और बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है.
बैठक के अंत में तय किया गया कि संघ जल्द ही अपनी मांगे लेकर सेल प्रबंधन के साथ औपचारिक बातचीत करेगा. यदि प्रबंधन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो मज़दूर गुवा अयस्क खान का उत्पादन बंद करने को मजबूर होंगे, और इसकी पूरी जिम्मेदारी गुवा सेल प्रबंधन की होगी.

