
उदित वाणी, चाईबासा : निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी , मझगांव सह अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी , मनोहरपुर सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एनोला लकड़ा ने शुक्रवार को कार्यालय में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति को लेकर बैठक की. पदाधिकारियों ने बताया कि बीएलए की नियुक्ति इसलिए जरूरी है, ताकि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को और भी पारदर्शी बनाया जा सके.
उन्होंने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों एवं इसकी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता को और अधिक बढ़ाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की सुविधा प्रदान की गई है. जिससे किसी प्रकार की विसंगति को संज्ञान में लाया जा सके एवं राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता हो सके. उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध करते हुए कहा कि आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी मतदान केन्द्रों के लिए बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति प्राथमिकता के आधार पर करते हुए इसकी सूची संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
बैठक में कांग्रेस से त्रिशानु राय, झामुमो से विश्वनाथ बाड़ा , भाजपा से रवि शंकर विश्वकर्मा मौजूद रहे.

