
उदित वाणी, गुवा : जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकू ने मंगलवार, 25 नवंबर को अपने क्षेत्र में तीन सड़कों का शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि गठबंधन की झारखंड सरकार गाँव, गरीब और आम जनता के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है.
विधायक सिंकू ने जिन तीन सड़कों का शिलान्यास किया, उनमें शामिल हैं —
1. तोड़ांगहातु पंचायत के ग्राम बुढ़ाकमान स्थित सिंकुसाई टोला आम बगान चौक से तिरियासाई टोला तक 1650 मीटर पीसीसी सड़क निर्माण कार्य.
2. करंजिया पंचायत के करंजिया चरण बासा से सुरेन बासा तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य.
3. मैरोमसाई से हमसदा भाया गुटुसाई, बड़ानंदा तक सड़क निर्माण कार्य (लंबाई 4.150 कि.मी.).

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. ग्रामीणों ने विधायक सोनाराम सिंकू का स्वागत पारंपरिक नृत्य और पुष्पगुच्छ देकर किया. अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार हर गाँव तक पक्की सड़क, स्वच्छ पानी और शिक्षा की सुविधा पहुँचाने के लिए तत्पर है. उन्होंने कहा, “आज जिन तीन सड़कों का शिलान्यास किया गया है, वे सिर्फ कंक्रीट की सड़कें नहीं, बल्कि विकास की राह हैं, जो युवाओं, किसानों और महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर देंगी.”

सिंकू ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र का हर गाँव मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी ग्रामीण इलाका विकास से वंचित न रह जाए. मौके पर जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच वृद्ध, विधवा, बुजुर्ग एवं दिव्यांगजन को कंबल वितरण भी किया गया.
कार्यक्रम में जगन्नाथपुर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, मकर ध्वज सरदार, जिंतुगाड़ा मुंडा, सोमनाथ सिंकू, करंजिया मुखिया जूलियस हेम्ब्रम, पंचायत समिति सदस्य बालेश्वर सोय, सुशील हेस्सा, बड़ानंदा मुखिया हीरामणि केराई, मंडल अध्यक्ष मथुरा लागुरी, विपिन लगूरी, संतोष नाग मुंडा, रंजन गोप, रंजित गागराई, राजू हेंब्रम, पप्पू दास, रवीश चंद्र बोबोंगा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

