
उदित वाणी, गुवा : अपनी मांगें पूरी न होने से खफा सफाई कर्मियों ने एक बार फिर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है. आंदोलन शुरू होते ही अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार लग गया है. जगह-जगह फैले कचरे से मरीजों और परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. चारों ओर फैली गंदगी से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे अस्पताल का वातावरण अस्वच्छ हो गया है.
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने स्वयं सफाई अभियान चलाया. उन्होंने मिलकर वार्ड, आपातकालीन विभाग (इमरजेंसी), ओपीडी और पूरे परिसर की सफाई की. प्रबंधन का कहना है कि गंदगी के कारण मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, इसलिए मजबूरन डॉक्टरों और स्टाफ को सफाई करनी पड़ी.
सफाई कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी सभी मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा. उनका आरोप है कि प्रबंधन और प्रशासन ने कई बार आश्वासन दिया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
अस्पताल प्रबंधन ने सरकार और संबंधित विभागों से शीघ्र पहल कर समाधान निकालने की अपील की है. प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और गंदगी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ सकता है. अब देखना है कि प्रशासन कब तक सफाई कर्मियों की मांगें पूरी कर स्थिति को सामान्य बनाता है.

